Independence Day 2026: CM सम्राट चौधरी ने फहराया तिरंगा, बिहार के विकास का रखा पूरा रोडमैप
पटना गांधी मैदान में CM सम्राट चौधरी ने पहली बार तिरंगा फहराया. उन्होंने पंचायत दिवस, पुलिस दीदी योजना और बिहार में 5 लाख करोड़ निवेश लाने का ऐलान किया.

पटनाः मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया. इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास, रोजगार, निवेश, उद्योग, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार का रोडमैप सामने रखा. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सभी लोगों को समान अधिकार देना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है. उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य में सहयोग शिविर की शुरुआत की गई है.
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि- अब लोग सीधे प्रशासन के सामने अपनी समस्या रख सकते हैं. शिकायतों के समाधान के लिए 30 दिन की समय-सीमा तय की गई है. उन्होंने बताया कि अब तक 6 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं और इनमें 95 प्रतिशत से ज्यादा मामलों का समाधान किया जा चुका है. साथ ही कहा कि- काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा रही है. अब तक 17 हजार अधिकारियों को पहला नोटिस और 860 अधिकारियों को दूसरा नोटिस दिया गया है.
हर महीने पंचायत विकास दिवस
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा. गांवों की समस्याओं को स्वराज पोर्टल के जरिए सामने लाया जाएगा. उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा का भी जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि 112 डायल सेवा के जरिए पुलिस कम समय में लोगों तक पहुंच रही है. स्कूल और कॉलेजों के आसपास महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी. रक्षा बंधन से महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से भी ड्यूटी करती नजर आएंगी.
नवंबर तक 5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य
सम्राट चौधरी ने उद्योग और निवेश को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि नवंबर तक बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है. राज्य में सेमीकंडक्टर समेत कई नए उद्योगों के लिए योजना बनाई जा रही है. करीब 14 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, ताकि बिहार में उद्योग लगाने वालों को आसानी से जमीन मिल सके. उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे युवाओं और प्रतिभाओं से भी राज्य लौटने की अपील की.
चीनी मिल, सोलर और नई टाउनशिप का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले कुछ महीनों में पांच नई चीनी मिल शुरू होंगी. राज्य में कई नई औद्योगिक इकाइयों पर काम चल रहा है. उन्होंने बिजली और सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में भी सरकार की योजनाओं का जिक्र किया. 4 लाख 85 हजार BPL परिवारों के घरों में मुफ्त सोलर लगाने की योजना है. अगले पांच साल में 25 लाख घरों तक सोलर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है. इन टाउनशिप को औद्योगिक हब से जोड़ा जाएगा और हाई स्पीड कॉरिडोर के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी दी जाएगी.





























































































